गहनाग मेला सकुशल सम्पन्न, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

अमानीगंज - अयोध्या जिले के अमानीगंज विकासखंड के गहनाग गांव स्थित प्रसिद्ध नागपीठ गहनाग का अंतर्जनपदीय वार्षिक बड़ा मेला सोमवार को सकुशल सम्पन्न हो गया। नागपंचमी के बाद पड़ने वाले सोमवार को आयोजित मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के जनपदों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु बड़े वाहनों से पहुंचे और कतारबद्ध होकर गहनाग देव के दर्शन-पूजन किए। मेले में विभिन्न जनपदों से आए दुकानदार दो दिन पहले ही पहुंच गए थे। मेले में लकड़ी और लोहे से बने सामानों की दुकानों पर विशेष भीड़ रही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से सेवा, जलपान और पेयजल के शिविर लगाए गए।

थाना खंडासा के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मेले में करीब तीन लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। प्रशासन की ओर से भीड़ को देखते हुए व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की गई थी।

सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा प्रशासन

गहनाग मेले की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। करीब डेढ़ कंपनी पीएसी, अग्निशमन दस्ता, दो दर्जन महिला पुलिसकर्मी और 20 उपनिरीक्षक पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे। आठ स्थानों पर बैरियर लगाकर यातायात का रूट डायवर्ट किया गया। पुलिस ने मेले में 18 स्थानों पर सुरक्षा प्वाइंट बनाए थे। खोया-पाया केंद्र के माध्यम से कई बिछड़े बच्चों को उनके परिजनों से मिलाया गया। मेले के शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होने पर प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली।

26 वर्षों से सेवा कर रहे डॉ. बंगाली

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के निवासी दिलीप कुमार बंगाली के नेतृत्व में मेले में पिछले 26 वर्षों से निशुल्क चिकित्सा एवं सेवा शिविर लगाया जा रहा है। इस वर्ष भी शिविर में श्रद्धालुओं को निशुल्क दवा, उपचार और भोजन-प्रसाद वितरित किया गया। शिविर का शुभारंभ मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विधायक ने सेवा शिविर की सराहना करते हुए कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। वहीं संत निरंकारी मिशन रुदौली शाखा की बहनों की ओर से मेले में निशुल्क प्याऊ लगाया गया। इसका शुभारंभ भी विधायक चंद्रभानु पासवान ने फीता काटकर किया। स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से लगाए गए सेवा शिविरों से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।

रिपोर्टर - सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.