पंचमुखी मनकामनेश्वर शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

मिल्कीपुर - अयोध्या सावन मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के किनौली पूरे टड़िया गांव स्थित श्रीराम आर्ष गुरुकुल विद्यापीठ संस्थान में नांदीमुख मनकामेश्वर महादेव पंचमुखी शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर गुरुकुल परिसर में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। कार्यक्रम से पूर्व परिसर में लगातार 24 घंटे तक ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप किया गया। सोमवार की सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और देखते ही देखते पूरा गुरुकुल परिसर भक्तों से भर गया। महिलाओं, बच्चों और पुरुषों की बड़ी संख्या में मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

वैदिक आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके बाद धर्म सम्राट करपात्री जी महाराज सिद्ध पीठ जानकी कुंज, अयोध्या की परंपरा के अनुसार पंचमुखी शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। इस दौरान वैदिक मंत्रों की गूंज और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।

आयोजकों के अनुसार अयोध्या जनपद में यह दूसरा नर्वदेश्वर पंचमुखी शिवलिंग स्थापित किया गया है। इससे पूर्व पंचमुखी शिवलिंग गुप्तार घाट पर स्थापित है, जबकि दूसरा पंचमुखी शिवलिंग श्रीराम आर्ष गुरुकुल विद्यापीठ संस्थान परिसर में स्थापित किया गया है। शिवलिंग की स्थापना को क्षेत्र के लिए धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया गया।

पूरे कार्यक्रम का आयोजन गुरुकुल विद्यापीठ संस्थान के प्रबंधक एवं राष्ट्र चिंतक पंडित सतीश चंद्र शास्त्री जी महाराज के नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन किया। भक्तों के लिए आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समारोह के दौरान गुरुकुल परिसर में सुबह से शाम तक भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भीड़, वैदिक मंत्रोच्चार और भोलेनाथ के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय बना रहा। इस अवसर पर ब्रह्मा प्रसाद दुबे,उमाशंकर दुबे, बिंदेश्वरी दुबे, लक्ष्मीकांत दुबे,सुरेश प्रताप,उमाशंकर तिवारी, शिवकुमार पांडेय,संजय दुबे,सचिन,धर्मेंद्र शुक्ला,सत्यशरण श्रीवास्तव, रामदास दुबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

रिपोर्टर - सुनील तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.