निर्माणाधीन पानी की टंकी से गिरकर दो मजदूर घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर
मिल्कीपुर - अयोध्या इनायत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा डीह, पूरे बीरबल मजरे पूरे जंगल में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी में कार्य के दौरान सोमवार को हादसा हो गया। शटरिंग की बल्ली अचानक फिसल जाने से दो मजदूर नीचे गिरकर घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद दर्शननगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार एससीएल इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी द्वारा पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। मंगलवार को करीब 10 मजदूर निर्माण कार्य में जुटे थे। इसी दौरान टंकी की सीढ़ियों की ढलाई का काम चल रहा था। अचानक शटरिंग की बल्ली फिसल गई, जिससे वहां काम कर रहे दो मजदूर नीचे गिर गए और घायल हो गए। हादसे में मनोज राजपूत (35) पुत्र श्रीपाल, निवासी ग्राम डकौली, थाना दही, जनपद उन्नाव तथा दिलीप राजपूत (26) पुत्र रामगुलाम, निवासी ग्राम नवाबगंज, थाना अजगैन, जनपद उन्नाव घायल हुए हैं।
इनायतनगर कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी मिल्कीपुर ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दर्शननगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की सूचना घायल मजदूरों के परिजनों को दे दी गई है। मौके पर गांव के अन्य मजदूरों के साथ सुपरवाइजर और ठेकेदार के परिजन भी मौजूद हैं। पुलिस के अनुसार फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या नहीं है।
रिपोर्टर - सुनील तिवारी
No Previous Comments found.