30 अगस्त को अयोध्या में गूंजेगा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का संदेश

कुमारगंज/अयोध्या : चिन्मय मिशन के गौरवशाली 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित की जा रही “चिन्मय अमृत यात्रा” आगामी 30 अगस्त 2026 को अयोध्या पहुंचेगी। इस अवसर पर आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, अयोध्या स्थित ABM ऑडिटोरियम में भव्य कांफ्रेंस का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में आध्यात्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। स्वामी मित्रानंद सरस्वती जी, डायरेक्टर, ऑल इंडिया चिन्मय युवा केंद्र; महंत श्री गिरीशपति त्रिपाठी जी, महापौर, अयोध्या; पंडित ज्ञान चंद्र द्विवेदी जी, प्रसिद्ध भागवत व्यास तथा कौशिक चैतन्य जी, प्रमुख, जीवन दीप आश्रम, लखनऊ की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान करेगी।

35 हजार किलोमीटर की ऐतिहासिक यात्रा

चिन्मय मिशन के 75 वर्षों की सेवा, साधना और आध्यात्मिक चेतना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही चिन्मय अमृत यात्रा पुणे से प्रारंभ होकर लगभग 35,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक ज्ञान और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा रहा है।

इस गौरवशाली यात्रा का भव्य समापन 23 से 25 अक्टूबर 2026 के बीच नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में प्रस्तावित है। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

स्थानीय आयोजन समिति ने संभाली तैयारियों की कमान

अयोध्या में आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय आयोजन समिति सक्रिय है। कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी मनीष त्रिपाठी (जिला सेवा प्रमुख, आरएसएस अयोध्या), उत्कर्ष त्रिपाठी ‘कमल’ (को-फाउंडर, जेजे फार्म्स), उमेश त्रिपाठी (सामाजिक सद्भाव प्रमुख, आरएसएस), अभिषेक निर्मल (सह जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख, आरएसएस), पंकज सिंह (सह-जिला संपर्क प्रमुख, आरएसएस), डॉ. रामशंकर (विभाग कार्यवाह, आरएसएस), भूपेंद्र सिंह (बैंक मित्र, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक) तथा डॉ. अमरेन्द्र प्रताप अग्निवंशी (नवजीवन आरोग्य केंद्र, पिठला) सहित समिति के अन्य सदस्यों द्वारा संभाली जा रही है।

आयोजकों का कहना है कि अयोध्या में होने वाला यह आयोजन भारतीय ज्ञान परंपरा, आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और सामाजिक समरसता के संदेश को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। चिन्मय अमृत यात्रा के अयोध्या पड़ाव को लेकर आयोजकों एवं स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.