गायत्री पब्लिक स्कूल में ग्रीन डे के साथ धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन
रेवतीगंज/अयोध्या : गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में ग्रीन डे सेलिब्रेशन के साथ रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
रक्षाबंधन कार्यक्रम में छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावना को मजबूत किया। इसके बाद छात्रों ने अपनी बहनों को स्वनिर्मित उपहार भेंट किए। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सहयोग, सम्मान और अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।
विद्यालय के प्रबंधक उमा शंकर शुक्ल ने ग्रीन डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों की कमी से मुक्त एक सुंदर एवं सुरक्षित विश्व का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने और जल संरक्षण के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। हमें प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कुशलतापूर्वक और सावधानीपूर्वक करना चाहिए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शिखा दूबे ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति और परंपरा की महत्वपूर्ण पहचान है। यह पर्व भाई-बहन के बीच असीम स्नेह, विश्वास, सहयोग और एक-दूसरे की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने रक्षाबंधन से जुड़ी विभिन्न पौराणिक एवं ऐतिहासिक कथाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक मानी जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्व की सांस्कृतिक एवं सामाजिक भावना को समझते हुए आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभा शंकर शुक्ल, शिव सागर, सरस्वती तिवारी, सुधा पाण्डेय, रितिका मिश्रा, रूपा सिंह, अनामिका पाण्डेय एवं कीर्ति पांडेय का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में उत्साह, रचनात्मकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी
No Previous Comments found.