रक्षाबंधन पर्व एवं राखी मेकिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
शाहगंज/अयोध्या : राम सुमिरन इंटर कॉलेज एवं एस.के. पब्लिक स्कूल, शाहगंज, अयोध्या में रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर राखी मेकिंग प्रतियोगिता एवं रक्षाबंधन समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया।
विद्यालय की छात्राओं ने राखी मेकिंग प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा अपनी कला, रचनात्मकता एवं प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन करते हुए आकर्षक राखियां तैयार कीं। इसके पश्चात छात्राओं ने विद्यालय के छात्रों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह, विश्वास एवं सुरक्षा के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
इसी क्रम में विद्यालय की कुछ छात्राएं पुलिस चौकी शाहगंज पहुंचीं, जहां उन्होंने चौकी प्रभारी श्री विपिन श्रीवास्तव जी एवं उनकी टीम के पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। अपनी नन्हीं बहनों को देखकर चौकी प्रभारी श्री विपिन श्रीवास्तव जी भाव-विभोर एवं गद्गद हो उठे। उन्होंने बड़े स्नेह के साथ छात्राओं से राखी बंधवाई तथा उन्हें अपना आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर चौकी प्रभारी श्री विपिन श्रीवास्तव जी ने छात्राओं की सुरक्षा एवं सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कार प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुरक्षित जीवन के लिए आशीर्वाद दिया। पुलिसकर्मियों और छात्राओं के बीच भाई-बहन के स्नेह का यह भावपूर्ण दृश्य उपस्थित सभी लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक (MD) इंजीनियर पवन तिवारी ने रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को केवल भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ते ही नहीं, बल्कि उनमें प्रेम, सम्मान, भाईचारा, सामाजिक जिम्मेदारी एवं मानवीय संवेदनाओं का भी विकास करते हैं।
विद्यालय परिवार ने कहा कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा के लिए दिन-रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में छात्राओं द्वारा उन्हें राखी बांधना सम्मान, विश्वास और सुरक्षा के पवित्र रिश्ते को दर्शाता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य शालिनी तिवारी, उपप्रधानाचार्य प्रतिमा दूबे , काजल गुप्ता, खुशी तिवारी श्वेता सिंह आदि शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा तथा विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के इस पावन पर्व को प्रेम, सौहार्द एवं संस्कारों के साथ मनाया।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी
No Previous Comments found.