अपने ही बच्चों पर तेजाब से मारने का आरोप
अयोध्या - बारुन पुलिस चौकी अंतर्गत देवरिया गांव में एक महिला ने अपने दूसरे पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति पहले पति से जन्मे उसके दो बच्चों को तेजाब डालकर मारने या कहीं भगा देने का दबाव बना रहा है। महिला ने पति समेत उसके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खंडासा थाना क्षेत्र के सरौली पूरे पण्डोकिया गांव निवासी रेहाना पत्नी रंजीत कुमार ने इनायतनगर पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि पहले पति से तलाक के बाद उसने रंजीत कुमार से दूसरी शादी की थी। वर्तमान में वह इनायतनगर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में जमीन खरीदकर मकान बनाकर अपने दोनों बच्चों और दूसरे पति के साथ रह रही है। महिला के अनुसार उसके पहले पति से 14 वर्षीय बेटा आर्यन और 16 वर्षीय बेटी निशा हैं।
महिला का आरोप है कि उसका दूसरा पति रंजीत कुमार दोनों बच्चों को तेजाब डालकर मारने अथवा कहीं भगा देने की बात कहकर उस पर दबाव बना रहा है। पति कथित तौर पर उससे कहता है कि यदि वह बच्चों को नहीं भगाएगी या उन्हें नहीं मारेगी तो वह उसके साथ नहीं रहेगा और उसे भी छोड़ देगा। इससे महिला और दोनों बच्चे भयभीत हैं।
महिला ने बताया कि पांच सितंबर की रात करीब 10 बजे उसका पति कुछ अज्ञात लोगों के साथ घर पहुंचा। आरोप है कि सभी ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण महिला ने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपियों ने ईंट-गुम्मे से दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया और छत पर भी कई ईंटें फेंकी। शोर सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर सभी आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद महिला दोनों बच्चों को लेकर पड़ोसी के घर जाकर रात बिताई।
महिला के अनुसार सुबह घर लौटने पर दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर से गैस सिलेंडर, बक्सा समेत अन्य घरेलू सामान गायब था। अलमारी भी टूटी थी। उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 40 हजार रुपये नकद भी गायब मिले।
बारुन चौकी प्रभारी शिवेंद्र पाल ने बताया कि महिला का शिकायती पत्र मिला है। मामले की जांच की जा रही है। महिला के पति को बुलाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - राहुल पांडेय
No Previous Comments found.