132 केवी कुमारगंज में तकनीकी खराबी से सात घंटे से अधिक बंद रही बिजली
मिल्कीपुर - अयोध्या ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति देने के सरकार के दावे की मिल्कीपुर में हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। विद्युत उपकेंद्र मिल्कीपुर से जुड़े अमानीगंज, बल्दी राय, मंजनाई, खंडासा, चमनगंज, कुचेरा और कहुआ फीडरों के हजारों उपभोक्ताओं को निर्धारित समय के बजाय मुश्किल से करीब 10 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। मंगलवार-बुधवार की रात करीब एक बजे सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति अचानक ठप हो गई। इससे उमस भरी गर्मी में उपभोक्ताओं को पूरी रात परेशानी उठानी पड़ी।
बिजली गुल होने से घरों में पंखे और कूलर समेत अन्य विद्युत उपकरण बंद हो गए। गर्मी और उमस से बेहाल कई लोग छतों पर पहुंच गए, जबकि कुछ लोग रातभर घरों के बाहर टहलते रहे। करीब सात घंटे 30 मिनट तक आपूर्ति बाधित रहने के बाद बुधवार सुबह लगभग 8:30 बजे वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कुछ समय के लिए बिजली बहाल की गई। इसके बाद दोबारा आपूर्ति बंद होने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई।
रामदर्शन, सुरेश कुमार, मोहम्मद हुसैन, राम लौट, विजय बहादुर, संतराम और जगपाल समेत दर्जनों उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि नवागत उपखंड अधिकारी के आने के बाद क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था और अधिक चरमरा गई है। उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि शिकायत के लिए एसडीओ के सीयूजी नंबर पर फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं की जाती। ऐसे में समस्या के समाधान के लिए वे किस अधिकारी से संपर्क करें, यह समझ नहीं पा रहे हैं।
एसडीओ मिल्कीपुर आलोक गुप्ता ने बताया कि मंगलवार रात 132 केवी कुमारगंज में तकनीकी खराबी आने के कारण पूरी रात आपूर्ति बाधित रही। वैकल्पिक व्यवस्था से बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे बिजली दी गई थी। उन्होंने बताया कि रोस्टिंग का कोड आने पर रोस्टिंग के तहत विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी जाती है।
रिपोर्टर - सुनील तिवारी
No Previous Comments found.