जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
मिल्कीपुर,अयोध्या : खंडासा थाना क्षेत्र के धौरहरा मुकुन्दहा गांव में शुक्रवार को एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धौरहरा मुकुन्दहा गांव निवासी मोहित रैदास (28) पुत्र राम अचल ने शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसकी जानकारी होने पर परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार मोहित टाइल्स लगाने का काम करता था। उसकी मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम छाया हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी
No Previous Comments found.