गायत्री पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस
अयोध्या - रेवतीगंज गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, सम्मान एवं गौरव की भावना विकसित करने तथा उन्हें अपनी भाषा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान निबंध लेखन,हिंदी गायन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति प्रेम एवं सम्मान को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर का वातावरण हिंदीमय नजर आया।
विद्यालय के प्रबंधक उमा शंकर शुक्ल ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और भावनाओं से जुड़ने का सशक्त माध्यम है। हिंदी के माध्यम से हम अपने सुख-दुःख और भावनाओं को सहज एवं सरल रूप में व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रधानाचार्या शिखा दूबे ने कहा कि हिंदी का विकास केवल एक भाषा का विकास नहीं,बल्कि भारतीय संस्कृति,विरासत और पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि और सम्मान की भावना विकसित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर आर.डी. पाण्डेय एवं किरन यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग एवं अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया।
रिपोर्टर - सुनील तिवारी
No Previous Comments found.