गायत्री पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती
अयोध्या - रेवतीगंज गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने राष्ट्रपिता के व्यक्तित्व, कृतित्व, संघर्ष और देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
विद्यालय के प्रबंधक उमा शंकर शुक्ल ने कहा कि महात्मा गांधी स्वदेशी आंदोलन के प्रेरणास्रोत होने के साथ ही धार्मिक सद्भाव, सामाजिक सुधार और जनजागरण के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने सत्य और अहिंसा को हथियार बनाकर देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। गांधी जी के विचारों और संघर्ष की अहिंसक पद्धति ने भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के अनेक नेताओं को प्रभावित किया। मार्टिन लूथर किंग जूनियर और नेल्सन मंडेला जैसे महान नेताओं पर भी उनके विचारों का गहरा प्रभाव पड़ा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शिखा दूबे ने कहा कि महात्मा गांधी ने असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन, नमक सत्याग्रह, दांडी मार्च और भारत छोड़ो आंदोलन के माध्यम से स्वतंत्रता संघर्ष को जन-जन से जोड़ने तथा देशवासियों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह पर आधारित उनके सिद्धांत आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के अहिंसा और शांति के संदेश को वैश्विक स्तर पर सम्मान मिला है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2007 में 2 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस घोषित किया। इसका उद्देश्य विश्वभर में अहिंसा और शांति के गांधीवादी विचारों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों से गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, स्वच्छता,सत्य,अनुशासन, आपसी सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रभा शंकर शुक्ल,आलोक दूबे,मोहनीश गुप्ता,अभिषेक मिश्रा,आर.डी. पाण्डेय,शिव सागर,शशांक गौतम सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर - सुनील तिवारी

No Previous Comments found.