पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, तीन की मौत, तीन गंभीर
अयोध्या : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने एंबुलेंस से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया।
हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। जानकारी के अनुसार अर्टिगा कार में छह लोग सवार थे और सभी लखनऊ से देवरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायलों में देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी आनंद यादव (23) पुत्र नंदजी यादव, तैयर बुजुर्ग निवासी राजू (22) पुत्र बृदुल यादव और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30) पुत्र जनार्दन शर्मा शामिल हैं। तीनों की हालत गंभीर बताई गई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर भेज दिया।
घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि वे सभी पेशेवर टेनिस खिलाड़ी हैं और लखनऊ में खेलकर वापस देवरिया लौट रहे थे। उनके अनुसार यात्रा के दौरान सभी लोग नींद में थे। उन्हें हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि कार में छह लोग सवार थे। उनके साथ मरने वालों में नित्या प्रजा पति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) भी थे, जो देवरिया के निवासी बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गए। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर : आईबी सिंह

No Previous Comments found.