मिल्कीपुर की बेटी श्रेया पांडे ने बढ़ाया जिले का मान, यूपी पीएससी एलटी ग्रेड संस्कृत परीक्षा में प्रदेश में किया टॉप

अयोध्या :  मिल्कीपुर क्षेत्र के जयराजपुर पूरे वशिष्ठ गांव की प्रतिभाशाली बेटी श्रेया पांडे ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में संस्कृत विषय से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। उनकी इस शानदार सफलता से परिवार, गुरुजनों और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है और लोग उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बता रहे हैं। विशेष बात यह है कि श्रेया ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए किसी बड़े शहर या कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया। उन्होंने घर पर रहकर ही अनुशासित दिनचर्या, नियमित अध्ययन और अथक परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रदेशभर के अभ्यर्थियों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि सफलता का रास्ता मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से होकर गुजरता है। श्रेया ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा संजय स्मारक इंटर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हरिश्चंद्र महाविद्यालय, सरौली से स्नातक तथा बीएड की पढ़ाई पूरी की। शिक्षा के प्रति समर्पण और परिवार से मिले संस्कार उनकी सफलता की मजबूत नींव बने।श्रेया का परिवार लंबे समय से शिक्षा जगत से जुड़ा रहा है। उनके दादा देवता प्रसाद पांडे शिक्षक रहे हैं। पिता विजय शंकर पांडे तथा माता सुनीला पांडे, जो कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षिका हैं, उन्होंने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनके भाई सुधांशु पांडे भी श्रीराम बल्लभ इंटर कॉलेज ड्योढ़ी में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। श्रेया की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे मिल्कीपुर और अयोध्या जनपद का मान भी बढ़ाया है। उनकी सफलता उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो सीमित संसाधनों के बीच अपने सपनों को साकार करने का प्रयास कर रहे हैं। श्रेया ने साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.