17 महिलाओं को मिले आवास प्रमाण पत्र, सीडीपीओ लगातार रहीं अनुपस्थित।

अयोध्या - मिल्कीपुर,अमानीगंज विकासखंड परिसर में 8 अक्टूबर से संचालित सेवा संकल्प अभियान सेवा शिविर का बुधवार 15 अक्टूबर को समापन हो गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सियाराम रावत रहे। दोनों अतिथियों ने एक बच्चे का अन्नप्राशन कराया और एक गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म पूरी की। मुख्य अतिथि पवन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था पेंशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से आम जनता लाभान्वित हो रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का निर्माण चल रहा है, जबकि कुमारगंज से मां कामाख्या धाम तक सड़क बनकर तैयार हो चुकी है। अयोध्या, काशी और मथुरा में भी विकास कार्य जारी हैं।

विशिष्ट अतिथि सियाराम रावत ने कहा कि मोदी और योगी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को लाभान्वित कर रही है। कार्यक्रम में 17 महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्वयं सहायता समूहों की सीएलएफ कैडर, बैंक सखी, विद्युत सखी, बीसी सखी, स्वास्थ्य सखी और कृषि सखी सहित अन्य महिलाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कृषि विभाग की ओर से 15 किसानों को चना, मटर और मसूर की मिनी किट भी वितरित की गईं। शिविर में बाल विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पशुपालन, खाद्य एवं रसद, विद्युत और कृषि विभाग के स्टॉल लगाए गए। अभियान के दौरान अमानीगंज की सीडीपीओ अनीता सोनकर की लगातार अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। इस मौके पर गन्ना समिति के डायरेक्टर शंभू सिंह, पूर्व प्रधान राजेश सिंह, खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश मिश्रा और प्रधान अजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर - सुनील तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.