विद्युत विभाग के अधिकारियों ने की आरती,जिलाधिकारी और एसपी का भी होगा आगमन
सुल्तानपुर - शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर हलियापुर क्षेत्र में भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा है। पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की भव्य मूर्तियों के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। शाम को पूजन-अर्चन व आरती में क्षेत्र व जनपद के अधिकारियों के आने का सिलसिला बराबर जारी है। विदित हो कि सुल्तानपुर जनपद में दूसरे नंबर पर हलियापुर कस्बे में स्थापित दोनों पंडाल चर्चा का विषय बने हैं। नवदुर्गा पूजा समिति दुर्विजयगंज चौराहा कस्बा हलियापुर में मां दुर्गा की मूर्ति पिछले लगभग (50) वर्षों से धूमधाम से स्थापित हो रही है, जिसका रजिस्ट्रेशन पूर्व में ही हो चुका है। ऐसा समिति के सदस्यों का दावा है। वहीं मां वैष्णो शिवाला मंदिर पंडाल में पिछले 15 से 20 वर्षों से लगातार मां की प्रतिमा स्थापित की जा रही है।
हलियापुर थाना क्षेत्र के दर्जनों गांवों में भी धूमधाम से पंडाल सजाए गए हैं। हलियापुर कस्बे में स्थापित दोनों पंडालों की मूर्तियों की चर्चा पूरे मंडल में है। पूर्वांचल एक्स प्रेस-वे व नेशनल हाईवे 330-ए (अयोध्या-रायबरेली मार्ग) होने के नाते देश के कोने-कोने से अयोध्या दर्शन को जाने वाले श्रद्धालु हलियापुर चौराहे पर रुककर मां का दर्शन कर खुद को धन्य सम झते हैं। पूरा हलियापुर चौराहा रंग-बिरंगी लाइटों से सजा है, जो देखते ही बनता है।
देर शाम आरती कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग दोनों पंडालों में दर्शन कर मां के गीत गुनगुनाते हुए आरती में शामिल हो रहे हैं। नेत्र पूजन के अवसर पर तहसील बल्दीराय के तेज तर्रार एसडीएम प्रभात सिंह द्वारा दोनों पंडालों में विराजमान मां दुर्गा का नेत्र पूजन किया गया था। वहीं सोमवार को नवदुर्गा पूजा समिति की आरती में विद्युत विभाग के जेई राम नरायण त्यागी, एसडीओ मार्तंड प्रताप सिंह, तथा अधिशासी अभियंता सुल्तानपुर शशांक शुक्ला, शामिल रहे और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति सदस्यों ने बताया कि जल्द ही जनपद के वरिष्ठ आला अधिकारियों जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह व एसपी सुल्तानपुर का भी दोनों पंडालों में आगमन होगा, जिसके लिए डेट फाइनल कर उन्हें आमंत्रित किया जाएगा। विसर्जन की तैयारी - माता रानी के विसर्जन के दौरान कमेटी सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखेगी। डीजे की कम आवाज के साथ अबीर-गुलाल उड़ाते हुए गाजे-बाजे के साथ आमघाट पुल के पास स्थित मां गोमती नदी तट पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान हलियापुर तिराहा, थाना चौराहे से कांकरकोला गौहनिया मोड़ तक हजारों की संख्या में श्रद्धालु कतार में खड़े होकर मां की एक झलक पाने के लिए इंतजार करते हैं। जिला प्रशासन व पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा गोमती घाट पर गोताखोरों की टीम भी सक्रिय की गई है।
रिपोर्टर - आईबी सिंह

No Previous Comments found.