सहकारी समितियों पर लटके ताले, खाद-बीज का संकट गहराने की आशंका
अमानीगंज/अयोध्या : रबी की फसलों की बुवाई का सीजन शुरू होते ही अमानीगंज विकासखंड की ग्रामीण सहकारी समितियों पर ताले लटकने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सचिवों और कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के चलते विकासखंड की नौ साधन सहकारी समितियों में कामकाज ठप है। ऐसे में किसानों को सरसों और मटर जैसी रबी की फसलों की बुवाई के लिए खाद और बीज का इंतजाम करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बुवाई के महत्वपूर्ण समय में समितियों के बंद रहने से किसानों को समय पर कृषि सामग्री मिलने को लेकर चिंता सताने लगी है।
शुक्रवार को जब पत्रकारों की टीम नगर पंचायत कुमारगंज स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति बघौड़ा पहुंची तो वहां ताला लटका मिला। समिति पर खाद-बीज लेने के लिए आने वाले किसानों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। समिति के सचिव से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि वेतन की मांग को लेकर प्रदेश मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन चल रहा है। अभी तक कर्मचारियों को कमीशन के आधार पर भुगतान मिलता था, लेकिन कर्मचारी इस व्यवस्था को समाप्त कर राजकोष से नियमित वेतन दिए जाने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है।
खेत तैयार, खाद-बीज के इंतजार में किसान
किसान सुनील तिवारी ने बताया कि इस समय सरसों और मटर की बुवाई करनी है। खेत की जुताई करवा चुके हैं और अब खाद-बीज खरीदने की तैयारी में हैं, लेकिन समिति पर ताला लगा होने से परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिन से ही गोदाम बंद है। यदि समय पर खाद और बीज नहीं मिला तो बुवाई प्रभावित हो सकती है।
वहीं किसान जोखू ने कहा कि वे लोग अगेती सरसों की बुवाई करते हैं, जिसके लिए समय का विशेष महत्व है। समिति कब खुलेगी, इसकी जानकारी नहीं है। अगर समय पर खाद नहीं मिली तो इस बार बुवाई में देरी हो सकती है, जिसका असर फसल पर पड़ने की आशंका है।
अमानीगंज की नौ सहकारी समितियों पर ताले
अमानीगंज विकासखंड की बघौड़ा, रौतावां, खंडासा, देवगांव, अमानीगंज, बोड़ेपुर, जगदीशपुर, रामपट्टी और मानूडीह स्थित साधन सहकारी समितियों पर ताले लटके हुए हैं। इन समितियों के बंद रहने से किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की चिंता है कि यदि आंदोलन लंबा खिंचा तो रबी की बुवाई का समय निकल सकता है।
अधिकारियों का दावा, खाद की कमी नहीं
इस संबंध में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक राजकुमार शुक्ला ने बताया कि वेतन की मांग को लेकर समितियों के सचिव धरने पर हैं। उनकी मांग है कि सरकार कर्मचारियों के वेतन की व्यवस्था करे। उन्होंने कहा कि फिलहाल खाद की मांग बहुत अधिक नहीं है और खाद उपलब्ध है। उनके मुताबिक, खाद की कोई कमी नहीं है।
हालांकि, समितियों पर ताले लटके रहने से किसानों के सामने खाद-बीज प्राप्त करने की समस्या बनी हुई है। अब किसानों की निगाहें आंदोलन समाप्त होने और सहकारी समितियों में नियमित कामकाज शुरू होने पर टिकी हैं, ताकि समय रहते रबी की फसलों की बुवाई की जा सके।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी

No Previous Comments found.