करैत सांप के डसने से कक्षा आठ की छात्रा की हालत बिगड़ी, मेडिकल कॉलेज रेफर
मिल्कीपुर/अयोध्या : खंडासा थाना क्षेत्र के कुरावन गांव में शुक्रवार सुबह विद्यालय जाने की तैयारी कर रही कक्षा आठ की छात्रा को जहरीले करैत सांप ने डस लिया। घटना के बाद छात्रा की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज ले गए। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, कुरावन गांव के सेवक शुक्ला का पुरवा निवासी इकबाल की पुत्री सोफिया बानो कक्षा आठ की छात्रा है। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे वह विद्यालय जाने के लिए तैयार हो रही थी। इसी दौरान बाल बांधने के लिए विद्युत बोर्ड के पास रखी गेटिस (हेयर क्लिप) उठाने के लिए उसने हाथ बढ़ाया। तभी बोर्ड के पास बैठे सांप ने उसके बाएं हाथ की उंगली में डस लिया।
सांप के डसते ही सोफिया चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो वहां सांप दिखाई दिया। संयोग से घर के सामने ही मनरेगा के तहत कार्य चल रहा था, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान मातादीन भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह जहरीले सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर दिया।
इसके बाद छात्रा के पिता इकबाल उसे लेकर सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचे। वह डिब्बे में बंद सांप को भी अपने साथ अस्पताल ले गए थे। चिकित्सकों ने सांप को देखकर उसे करैत बताया और उसके बेहद जहरीला होने की जानकारी दी। चिकित्सकों ने छात्रा का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव में जहरीले सांप को लेकर दहशत का माहौल है। परिजन छात्रा के बेहतर उपचार के लिए उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।
रिपोर्टर : सुनील तिवारी

No Previous Comments found.