खंडासा पुलिस ने चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार, सामान बरामद
मिल्कीपुर,अयोध्या : खंडासा थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी पायल, दो टूटी हुई पायल, छह बिछिया, एक चेन, दो मोबाइल फोन और 540 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष खंडासा कमलेश कुमार सरोज के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मेहर सिंह उर्फ छोटू सिंह पुत्र राम अवध सिंह, निवासी रायपट्टी, थाना खंडासा, जनपद अयोध्या को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि थाना खंडासा में 27 अक्टूबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 248/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 331(3) और 351(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में नामजद आरोपी मेहर सिंह उर्फ छोटू सिंह को 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:25 बजे रायपट्टी गांव में अवधेन्द्र प्रताप सिंह की आम की बाग के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से सफेद रंग की धातु के आभूषण, एक कीपैड मोबाइल फोन, एक एंड्रॉयड स्मार्टफोन और 540 रुपये बरामद किए। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्टर : सुनील

No Previous Comments found.