शराब की सरकारी दुकान पर हंगामा, साइनबोर्ड तोड़कर लगाई आग
मिल्कीपुर अयोध्या : खंडासा थाना क्षेत्र के अंजरौली गांव में सरकारी लाइसेंसी देशी शराब की दुकान खोलने को लेकर विवाद हुआ। दुकान के प्रतिनिधि अंगद कुमार सिंह ने स्थानीय लोगों पर सेल्समैन से गाली-गलौज करने, मारपीट की धमकी देने और साइनबोर्ड तोड़कर आग लगाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष कमलेश सरोज ने शुक्रवार को बताया कि शिकायत के आधार पर जिला पंचायत सदस्य प्रदीप यादव, समेत 12 नामजद और 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। शिकायत अंगद कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार को सेल्समैन अवधेश कुमार दुकान खोलने पहुंचा था। उसने ताला खोलकर शटर उठाने की कोशिश की, तभी वहां मौजूद कुछ पुरुषों और महिलाओं ने उसे घेर लिया आरोप है कि भीड़ में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रदीप यादव भी शामिल थे। उन्होंने सेल्समैन को गाली दी और दुकान नहीं खोलने की चेतावनी दी। सेल्समैन ने दुकान को सरकारी बताते हुए कहा कि इससे राजस्व मिलता है, लेकिन लोगों ने उसकी बात नहीं मानी। आरोप के मुताबिक, आबकारी निरीक्षक और लाइसेंसी को फोन करने के लिए सेल्समैन ने मोबाइल निकाला तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। उसने फोन पर दुकान के प्रतिनिधि को जानकारी दी और फिर डायल 112 पर सूचना दी। कुछ देर बाद सेल्समैन लौटा तो दुकान के बाहर लगा साइनबोर्ड टूटा हुआ था और उसमें आग लगी थी। डायल 112 की टीम के पहुंचने से पहले आरोपी वहां से चले गए थे। रातभर दुकान की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस ने गश्त की। अंगद कुमार सिंह ने बताया कि घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई, दुकान चलाने के लिए सुरक्षा और बंदी से हुए राजस्व नुकसान की भरपाई की मांग की है। थानाध्यक्ष कमलेश सरोज ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।
रिपोर्टर : सुनील

No Previous Comments found.