गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

रेवतीगंज (अयोध्या) :  गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में शुक्रवार को बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक उमा शंकर शुक्ल ने कहा कि भारत में प्रतिवर्ष 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर बाल दिवस मनाया जाता है। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण बच्चे उन्हें प्यार से 'चाचा नेहरू' कहकर पुकारते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास में ही राष्ट्र की उज्ज्वल प्रगति निहित है। नेहरू जी बच्चों के अधिकारों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और खुशहाल बचपन के प्रबल समर्थक थे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या शिखा दूबे ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत के निर्माण में शिक्षा, विज्ञान और तकनीकी विकास को विशेष महत्व दिया। उनका मानना था कि देश का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, पोषण और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा, खुशियों और उज्ज्वल भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराता है। बच्चों की प्रतिभा को पहचानना, उन्हें प्रोत्साहित करना और उनके विकास के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है।

इस अवसर पर कबड्डी, लेमन रेस, मैजिकल चेयर, बॉटल रेस, बाल रेस, बुक रेस, रोप रेस, टग ऑफ वॉर (रस्साकशी) और वॉलीबॉल सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

पूरा कार्यक्रम प्रभा शंकर शुक्ल, आरडी पाण्डेय, सुधा पाण्डेय, मोहनीश गुप्ता, सरस्वती तिवारी, रितिका मिश्रा, आलोक, अभिषेक मिश्रा एवं शशांक सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

रिपोर्टर : सुनील तिवारी

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.