Ayushman Yojana: सरकारी अस्पतालों में अब 89 नए हेल्थ पैकेज जोड़ने की तैयारी, इन बीमारियों का भी मिलेगा इलाज

आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने वाले करोड़ों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार सरकारी अस्पतालों में इलाज की सुविधाओं को और बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत 89 नए हेल्थ पैकेज जोड़ने का प्रस्ताव है। अगर इसे मंजूरी मिल जाती है, तो सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित पैकेज की संख्या 23 से बढ़कर 112 हो जाएगी। इससे मरीजों को कई बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों और महंगे निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

खून की कमी से लेकर डायबिटीज तक का इलाज होगा शामिल

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) ने जिन नए पैकेजों की पहचान की है, उनमें कई आम लेकिन गंभीर बीमारियां शामिल हैं। प्रस्तावित सूची में गंभीर एनीमिया, हाई ब्लड प्रेशर, ब्रोंकाइटिस, डायरिया, पेचिश और यूरिन इंफेक्शन जैसी समस्याओं का इलाज शामिल है।

इसके अलावा किडनी में पथरी से जुड़ा दर्द, तेज बुखार और डायबिटीज से होने वाली कुछ परेशानियों को भी कवर करने की तैयारी है।

बच्चेदानी की सर्जरी से बवासीर तक का इलाज

नए प्रस्ताव में सिर्फ सामान्य बीमारियां ही नहीं, बल्कि कई सर्जरी भी शामिल हैं। इसमें महिलाओं की बच्चेदानी निकालने की सर्जरी (हिस्टेरेक्टॉमी), हाइड्रोसील, बवासीर, सिस्ट और लिपोमा का इलाज शामिल है।

इसके साथ ही बायोप्सी और सर्कमसिजन जैसी मेडिकल प्रक्रियाओं को भी जगह दी गई है। यानी प्रस्ताव लागू होने पर मरीजों को कई जरूरी इलाज सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत मिल सकेंगे।

आंखों की जांच भी होगी आसान

डायबिटीज और काला मोतिया के मरीजों के लिए भी राहत की उम्मीद है। नए पैकेज में डायबिटिक रेटिनोपैथी और ग्लूकोमा की स्क्रीनिंग शामिल करने का प्रस्ताव है। इससे आंखों की गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाने में मदद मिल सकती है।

कब से लागू होंगे नए नियम?

फिलहाल सरकारी अस्पतालों के लिए 23 हेल्थ पैकेज आरक्षित हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, इन्हें बढ़ाकर 112 करने की योजना है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने 13 अक्टूबर को राज्यों से इस संबंध में सुझाव मांगे थे। राज्यों को अपनी राय देने के लिए 25 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है।

योजना के अनुसार, सभी सुझावों पर विचार करने के बाद नई व्यवस्था 1 दिसंबर 2026 से लागू की जा सकती है। हालांकि, यह अभी प्रस्तावित तारीख है। अंतिम फैसला सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।

आयुष्मान कार्ड पर कितना मिलता है मुफ्त इलाज?

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है। इसका लाभ योजना से जुड़े सरकारी और निजी अस्पतालों में लिया जा सकता है।

अगर 89 नए पैकेज को मंजूरी मिलती है, तो खासतौर पर छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के मरीजों को बड़ी राहत मिल सकती है। उन्हें इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाने की परेशानी कम होगी और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा भी बढ़ेगा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.