प्रमोद इंटर कॉलेज सहसवान में अवैध वसूली: जांच में देरी पर विद्यार्थी परिषद का फूटा गुस्सा, SDM को सौंपा ज्ञापन।

बदायूँ सहसवान 16 मई 2026: प्रमोद इंटर कॉलेज सहसवान में छात्रों से की जा रही मनमाने ढंग से अवैध फीस वसूली और रसीद न दिए जाने के मामले ने अब सामाजिक तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर वित्तीय भ्रष्टाचार के खिलाफ छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अपनी आवाज बुलंद कर दी है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी (SDM) सहसवान को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष और समय-बद्ध जांच की मांग की। विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि इस अवैध वसूली के खिलाफ बीते 8 मई 2026 को जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को शिकायत दी गई थी। शिकायत के बाद जांच तो शुरू की गई, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी जांच रिपोर्ट को दबाकर रखा गया है और दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि जांच में हो रही यह अत्यधिक देरी कई गंभीर सवाल खड़े करती है। ऐसा प्रतीत होता है कि कॉलेज प्रबंधन अपने रसूख का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने और साक्ष्यों को मिटाने का प्रयास कर रहा है। संगठन ने SDM महोदय से मांग की है कि छात्रों के भविष्य और न्याय को ध्यान में रखते हुए इस पूरे प्रकरण की किसी निष्पक्ष अधिकारी से समय-बद्ध (Time-bound) जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में पारदर्शी कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन छात्रों के हक के लिए उग्र आंदोलन को विवश होगा। इस मौके पर संजीव कुमार (प्रांत कार्यकारिणी सदस्य), जिला सह मीडिया संयोजक शैलेंद्र शर्मा, नगर सह मंत्री अभय प्रताप, नगर SFS संयोजक कुलदीप मौर्य और दर्जनों कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.