दातागंज क्षेत्र में बाढ़ का स्थाई समाधान नहीं कर सकी भाजपा सरकार - अजीत यादव
बदायूँ - कांग्रेस ने दातागंज क्षेत्र में रामगंगा के किनारे बाढ़ के स्थाई समाधान के लिए ,बरसात से पहले बांध बनाने के लिए दातागंज तहसील पर प्रदर्शन किया और एसडीएम दातागंज को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस ने दातागंज तहसील पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में दातागंज क्षेत्र के दर्जनों ग्रामों को हर साल आने वाली बाढ़ से बचाने को रामगंगा के किनारे दोनों तरफ मानपुर से सिमरिया तक व रूपपुर से भाऊ नगला तक 30किलोमीटर का बांध तटबंध बनाने की आवाज उठाई गई। प्रदर्शन के बाद एसडीएम दातागंज को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में दातागंज क्षेत्र में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या का स्थाई समाधान करने की मांग की गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने एसडीएम को बताया कि रामगंगा के किनारे हर साल बाढ़ के चलते दातागंज तहसील के दर्जनों ग्रामों का हर साल चार महीने सड़क मार्ग बंद हो जाता है। जिससे हररामपुर,मौजमपुर,शेरपुर,नवादा,गढ़िया पैग़म्बरपुर,लालपुर,गौंटिया,कुढ़रा मझरा समेत पचास ग्रामों का बदायूँ से संपर्क कट जाता है। दर्जनों ग्रामों में खेतों में भी बाढ़ का पानी भर जाता है और फसलें डूब जाती हैं। साल में केवल एक फसल गेहूं की ही हो पाती है। जिससे क्षेत्र के किसानों जिंदगी बदहाल हो गई है। बच्चे स्कूल नहीं जा पाते। हर साल भारी आर्थिक नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि दातागंज तहसील क्षेत्र में बाढ़ की समस्या का स्थाई समाधान होना चाहिए। उन्होंने एसडीएम से कहा कि रामगंगा के किनारे दोनों ओर दातागंज तहसील क्षेत्र में बरसात से पहले बांध तटबंध बनाए जाएं। जी रामजी नरेगा योजना से ग्रामीणों को यह काम दे दिया जाए । एसडीएम दातागंज ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दस साल से भाजपा की डबल इंजन की सरकार बाढ़ प्रभावित दर्जनों ग्रामों के लाखों लोगों की समस्या का समाधान करने में विफल रही है। बाढ़ का स्थाई समाधान हुए बिना इस क्षेत्र के लोगों का विकास संभव नहीं है। कहा कि जब तक दातागंज में बाढ़ की समस्या का समाधान नहीं होगा कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के साथ दातागंज विधानसभा प्रभारी कुंवर पाल सिंह, जिला महासचिव सत्यम यादव, विधि विभाग कांग्रेस के एडवोकेट जाने आलम,जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कश्यप, जिला सचिव गिरीश चंद्र, जिला सचिव राजीव पटेल , दातागंज कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष बिजनेश यादव,यूथ कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष विजय बहादुर, यूथ फॉर इंडिया के जिला कोऑर्डिनेटर ओमवीर दद्दा,ओमप्रकाश,अनिल,मुनेंद्र,सुरेंद्र सिंह,जगवीर समेत दर्जनों कांग्रेसी और ग्रामीण शामिल रहे।
संवाददाता - शमसुल हसन अंसारी
No Previous Comments found.