विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ में प्रेस वार्ता आयोजित
बदायूं : विश्व हेपेटाइटिस दिवस (28 जुलाई, 2026 ,मंगलवार) के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ में सोमवार 27-07-2026 को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान द्वारा विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
डा0 नितेश पति तिवारी,नोडल अधिकारी, वायरल हेपेटाइटिस ट्रीटमेन्ट सेन्टर ने बताया कि 28 जुलाई को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी की निःशुल्क जांच की व्यवस्था की गई है। जांच में हेपेटाइटिस-बी अथवा हेपेटाइटिस-सी से संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों का वायरल हेपेटाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर में पंजीकरण कराकर उन्हें निःशुल्क आवश्यक जांच एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर संस्थान में एक वैज्ञानिक संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी की रोकथाम, पहचान, उपचार और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञ चिकित्सक विस्तार से चर्चा करेंगे।
इसके अतिरिक्त, ओपीडी परिसर में आने वाले मरीजों एवं तीमारदारों को हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी के प्रति जागरूक करने के लिए एमबीबीएस बैच 2023 एवं बैच 2025 के छात्र-छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जाएगा। वहीं, एमबीबीएस बैच 2022 के छात्र-छात्राएं पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से हेपेटाइटिस उन्मूलन का संदेश देंगे।
प्रधानाचार्य प्रो0 (डा0) शिव कुमार ने आमजन से अपील की है कि वे हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक रहें, समय पर जांच कराएं तथा आवश्यकता होने पर उपलब्ध निःशुल्क जांच एवं उपचार सेवाओं का लाभ उठाएं।
इस प्रेस वार्ता में नोडल अधिकारी मेडिसिन विभाग, डा0 अमित कुमार एवं सीनियर रेजीडेन्ट मेडिसिन विभाग, डा0 अब्दुल रहमान आदि उपस्थित रहे।डा0 लालेन्द्र यादव, प्रभारी अधिकारी सोशल मीडिया,राजकीय मेडिकल कालेज, बदायूँ।
रिपोर्टर : राजीव सिंह
No Previous Comments found.