नशा मुक्त भारत अभियान 2026 के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कालेज, बदायूं के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

बदायूँ नशा मुक्त भारत अभियान 2026 के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सहायक प्रोफेसर सुश्री सुमन जायसवाल के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य प्रो. डॉ. श्रीनिवासन गांधी के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इसके उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अर्शिया मसूद सिद्दीकी ने नशा मुक्ति भारत अभियान के महत्व तथा नशे के सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं ऑर्थाेपेडिक विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रितुज अग्रवाल ने नशामुक्त भारत का संदेश देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा आयोजित रोल प्ले (नुक्कड़ नाटक) से हुई, जिसमें हाथों में नशा विरोधी संदेशों वाली तख्तियां लेकर नशे के दुष्प्रभावों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया। इसके बाद नशे के दुष्परिणामों पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और जागरूकता का परिचय दिया। इस कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं एवं 30 संकाय सदस्यों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और उपस्थित सभी प्रतिभागियों पर इसका सकारात्मक एवं प्रेरणादायी प्रभाव पड़ा। आयोजन के माध्यम से न केवल विद्यार्थियों बल्कि उपस्थित मरीजों एवं अन्य लोगों में भी नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ी। अंत में सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.