कांवड़ यात्रा मार्ग का डीएम व एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
बदायूँ : 08 अगस्त। श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकित शर्मा ने बरेली–बदायूं बॉर्डर से जनपद बदायूं में कांवड़ यात्रा के लिए निर्धारित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा कांवड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और मार्ग पर सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारु रूप से संचालित होती रहें।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बदायूं से बिनावर होते हुए बरेली बॉर्डर तक कांवड़ यात्रा मार्ग में स्थापित विभिन्न कांवड़ सहायता शिविरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शिविरों में शिवभक्तों के लिए उपलब्ध पेयजल, विश्राम, प्रकाश, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया गया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, जिससे कांवड़ियों एवं आम राहगीरों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीएम ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, यातायात एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर बनाए रखें। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की ओर से कांवड़ियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि जनपद से होकर गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव प्राप्त हो।
No Previous Comments found.