बाढ़ प्रभावित परिवारों को दातागंज विधायक ने वितरित की राहत सामग्री।

बदायूँ : 08 अगस्त। जनपद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने एवं उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया। इस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को राहत किट उपलब्ध कराई गईं, ताकि बाढ़ की स्थिति के कारण उत्पन्न हुई परेशानियों के बीच प्रभावित परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सके और उन्हें तत्काल राहत मिल सके। राहत सामग्री वितरण के दौरान ग्राम जटा के मजरे प्रेमी नगला, जसवंत नगला तथा ग्राम खजुरा पुख्ता के मजरे ठकुरी नगला सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को कुल 352 बाढ़ राहत किट वितरित की गईं। इनमें जसवंत नगला में 24 किट, प्रेमी नगला में 39 किट, ठकुरी नगला, मजरा ग्राम खजुरा पुख्ता में 89 किट तथा जटा में 200 किट का वितरण किया गया। राहत सामग्री प्राप्त होने पर प्रभावित परिवारों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि बाढ़ प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं का लगातार आकलन करते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की प्राथमिकता है कि बाढ़ से प्रभावित किसी भी परिवार को आवश्यक सुविधाओं एवं राहत सामग्री के लिए परेशान न होना पड़े तथा जरूरतमंद लोगों तक समय से राहत पहुंचाई जाए।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.