डीएम एसएसपी ने कछला घाट का किया स्थलीय निरीक्षण अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।

बदायूँ: 10 अगस्त। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के अंतर्गत कछला घाट के समीप अत्यधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के दृष्टिगत जिलाधिकारी अवनीश राय ने कछला घाट पहुंचकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रूट डायवर्जन के दौरान पुल के दोनों ओर 500-500 मीटर की दूरी पर ही दोपहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित किया जाए। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए गोविन्द वल्लभ पंत कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया एवं सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह को मजिस्ट्रेटों के साथ सुरक्षा संबंधी समुचित व्यवस्थाओं के लिए दायित्व सौंपे गए हैं। इससे पूर्व श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने संयुक्त रूप से कछला गंगा घाट का रातभर स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया। कांवड़ यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली जाम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग, रूट प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं की भी बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए कि यात्रा को सुगम बनाने के लिए आने एवं जाने हेतु अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं और श्रद्धालु निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग बढ़ाई जाए तथा यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात का प्रभावी प्रबंधन करते हुए जाम की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी सक्रिय रखी जाएं। प्रशासन द्वारा श्रावण मास कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, उपजिलाधिकारी सांई आश्रित शाखमुरी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत कछला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.