कांवड़ियों पर की जाए अधिक से अधिक पुष्प वर्षा।

बदायूँ: 21 अगस्त। श्रावण मास के अंतिम सप्ताह में कांवड़ियों पर जगह-जगह अधिक से अधिक पुष्पवर्षा की जाए, उनकी सुविधाओं का पूर्ण ध्यान रखा जाए। कांवड़ लाने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होना चाहिए। श्रावण मास के अंतिम सप्ताह में निर्वाध्य विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ0 अरुण कुमार ने विकास कार्यांे एवं कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, टूटे तारों एवं खराब ट्रांसफार्मरों को बदलवाने के सम्बंध में निर्देशित किया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लाभार्थीपरक योजना प्रधानमंत्री शहरी एवं ग्रामीण आवास योजना, पेयजल योजना, आयुष्मान भारत योजना, विभिन्न पेंशन योजना, किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्हें शिकायतें मिल रही हैं कि कई योजनाओं में लाभार्थियों से आर्थिक सहयोग की अपेक्षा न की जाए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कांवड़ियों के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए कछला से बदायूँ तक कई स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित कराए जाएं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उनको तत्काल चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध हो सके। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में र्दुघटना होने पर उनको अतिशीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाए। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि जनपद में किसानों को पर्याप्त यूरिया एवं डीएपी खाद की व्यवस्था कराई जाए। उन्होंने कहा कि समितियों पर उपलब्ध पीओएस मशीन में खाद की उपलब्ध कुछ दिखाई दे रही है और वास्तविक रूप से समिति के गोदाम में कुछ और ही दिखाई देता है। इसका मौके पर सत्यापन कराया जाए। बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने अपने क्षेत्र की कई समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया और कहा कि लाभार्थीपरक योजनाओं में जो भी धनराशि वितरित की जाए वह जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ही कराई जाए। बैठक में सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, जितेन्द्र सिंह, शारदेंदू पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी अवनीश राय ने प्रभारी मंत्री को चकबंदी कार्याें सहित अन्य योजनाओं के सम्बंध में अवगत कराते हुए आश्वस्त किया कि सभी योजनाओं को लक्ष्यानुसार शतप्रतिशत पूर्ण कराया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कानून व्यवस्था के सम्बंध में अवगत कराते हुए बताया कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा सफलता पूर्वक सम्पन्न हो रही है, यह एक बड़ी बात है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग विनीता नेगी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इसके पश्चात प्रभारी मंत्री, वरिष्ठ अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने बालाजी मंदिर के समीप कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की तथा खाद्य पदार्थ वितरित किए। प्रभारी मंत्री के जनपद आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.