जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन 27 अगस्त को युवा करेंगे प्रधानमंत्री से संवाद।

बदायूँ : 26 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (माय भारत) बदायूँ के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास, बदायूँ में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। 27 अगस्त को युवा प्रधानमंत्री से वर्चुअल संवाद करेंगे, जनपद में यह कार्यक्रम आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय एवं बीआईएमटी कॉलेज में होगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने तथा युवाओं की रचनात्मक एवं सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिताओं में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए नशामुक्त समाज, स्वस्थ जीवनशैली, युवा शक्ति एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने भाषण, नुक्कड़ नाटक, कविता, चित्रकला एवं संगीत सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशे के विरुद्ध अपने विचार एवं रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। जिला युवा अधिकारी आदित्य सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। प्रतियोगिताओं के परिणाम में भाषण प्रतियोगिता में शगुन शर्मा ने प्रथम, अजय कुमार गुप्ता ने द्वितीय तथा अर्जित पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक में मंजू मौर्य प्रथम रहीं। कविता प्रतियोगिता में निखिल सिंह चौहान प्रथम, काव्या सिंह द्वितीय तथा जुबेर मिर्जा तृतीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में भूमि शर्मा ने प्रथम, खुशी पटेल ने द्वितीय तथा तनु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संगीत प्रतियोगिता में याचना दयाल ने प्रथम तथा दिव्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में डॉ. राकेश कुमार जायसवाल, डॉ. अनिल सिंह, विकास पटेल, प्रदीप कुमार, डॉ. निशा पाठक, दीक्षा शर्मा, प्रीति शर्मा, छविराम सिंह एवं संजीव कुमार शामिल रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, मेरा युवा भारत के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे। अखिलेश यादव, पीयूष यादव, बीके सिंह, मानवेंद्र, विपिन यादव, मंजू शर्मा, डॉली यादव, यादवेंद्र यादव, माणिक मौर्य, संभव, सुमित यादव, अंश आदि ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का समापन ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ के संदेश एवं सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.