रक्षाबंधन पर मातृ शक्ति को निःशुल्क बस यात्रा का तोहफा बुजुर्ग महिलाएं रोडवेज बसों में आजीवन कर सकेंगी मुफ्त यात्रा।
बदायूं : 26 अगस्त। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन निशुल्क बस यात्रा की व्यवस्था की गई है, जिसका सजीव प्रसारण अध्याय परिसर स्थित ऑडिटोरियम में किया गया। रक्षाबंधन के अवसर पर बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में परिवहन विभाग द्वारा आयोजित निशुल्क बस सेवा कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी।
प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई तथा नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं को साड़ी एवं मिठाई का वितरण किया गया।
इस अवसर पर मंत्री धर्मपाल सिंह ने रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व से एक दिन बाद तक सभी माताओं-बहनों के लिए निशुल्क बस सेवा की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु की मातृशक्ति के लिए जीवनभर निशुल्क बस यात्रा की व्यवस्था भी सरकार द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है और सरकार जो कहती है, उसे पूरा करती है। योगी सरकार की प्राथमिकता मातृशक्ति का सम्मान बढ़ाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में बहन-बेटियां सुरक्षित हैं और किसी की हिम्मत नहीं है कि उनकी ओर आंख उठाकर भी देख सके। उन्होंने गौ माता के पालन एवं सेवा पर भी जोर दिया।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने रक्षाबंधन के अवसर पर मातृशक्ति को तीन दिन की निशुल्क बस यात्रा का तोहफा दिया है। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु की मातृशक्ति के लिए आजीवन निशुल्क यात्रा का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार सदैव मातृशक्ति के हितों और कल्याण की चिंता करती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व से एक दिन बाद तक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में मातृशक्ति के लिए निशुल्क बस सेवा की व्यवस्था माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा की गई है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार नारी शक्ति के सशक्तीकरण और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा मातृशक्ति के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर जिला अधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि शरदेंदु पाठक सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह ने किया।

No Previous Comments found.