बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में 250 परिवारों को वितरित की गई राहत सामग्री।
बदायूँ : 30 अगस्त। तहसील दातागंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्र ग्राम सेमरिया देदू खाम में जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों को 250 राशन किट का वितरण किया गया। राशन किट में आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे प्रभावित परिवारों को बाढ़ की स्थिति में दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिल सके।
इस अवसर पर विधायक ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उन्हें हरसंभव सहायता एवं सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना प्राथमिकता है और आवश्यकतानुसार उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित अधिकारियों द्वारा राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक परिवार तक समय से आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाई जाए। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए स्थानीय स्तर पर प्राप्त होने वाली समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया है कि बाढ़ की स्थिति के दौरान आवश्यकतानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
No Previous Comments found.