'अविरल माया पुरुस्कार' से मेधावी विद्यार्थियों को किया गया पुरुस्कृत

बदायूं - गत वर्षों की भाँति कल पांच सितम्बर को शिक्षक एवं प्रख्यात कवि स्व० श्री राम चरन लाल 'अविरल' जी एवं स्व. श्रीमती माया देवी जी की स्मृति में मुन्नालाल इण्टर कॉलेज, वजीरगंज (बदायूँ) में मेधावी विद्यार्थियों को 'अविरल माया पुरुस्कार' से अलंकृत किया गया। इस पुरुस्कार से माध्यमिक शिक्षा परिषद् द्वारा आयोजित इण्टरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2025 एवं 2026 में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर छात्र वर्ग में क्रमशः योगेश कुमार व अंकित कुमार को तथा छात्रा वर्ग में क्रमशः कु० पूनम व मोहिनी भारद्वाज को एवं हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर छात्र वर्ग में क्रमशः गोविन्द यादव व शिवम को तथा छात्रा वर्ग में क्रमशः कु० हिमानी सिंह व गौरी पाठक को सम्मानित किया गया।

'अविरल' जी के सुपुत्र श्री वेद प्रकाश यजुर्वेदी जी (सेवानिवृत्त अध्यक्ष एवं महानिदेशक,आयुध निर्माणी बोर्ड, रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार) एवं उनके अनुज श्री हिमांशु यजुर्वेदी जी (अध्यक्ष, अविरल साहित्य समिति) के द्वारा  विद्यार्थियों को पुरुस्कार स्वरूप प्रशस्ति पत्र, 'अविरल माया पदक' तथा प्रोत्साहन राशि देकर विभूषित किया गया। इन मेधावी छात्र-छात्राओं को इण्टरमीडिएट परीक्षा प्रोत्साहन राशि ₹3,100/- (प्रत्येक) एवं हाई स्कूल परीक्षा प्रोत्साहन राशि ₹2,100/- (प्रत्येक) प्रदान की गयी। वर्ष 2018 से आरंभ किए गए ये पुरुस्कार 'अविरल' जी के परिवार की ओर से प्रतिवर्ष दिये जाते हैं।

इस अवसर पर कालेज के प्रधानाचार्य श्री हरीश चन्द्र श्रीवास्तव जी ने श्री अविरल जी साहित्यिक रचनाओं, उपलब्धियों, प्रभावशाली व्यक्तित्व,सादगी एवं कर्मठता पर प्रकाश डाला। उनके आर्य समाजी, अंधविश्वासों के कट्टर विरोधी, शाकाहारी, शान्ति, सत्य और अहिंसा की विचारधारा से वर्तमान विद्यार्थियों को लगन एवं कठिन परिश्रम करने के लिये प्रेरित किया। इस समारोह में विद्यालय के प्रबन्धक बाबूजी श्री अनिल कुमार वार्ष्णेय जी, विद्यालय के सभी शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र एवं छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन श्री नवीन सक्सेना जी ने किया 

रिपोर्टर - रूपेंद्र सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.