दबिश देने गई पुलिस ने परिजनों को पीटा, SSP ने दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी किए सस्पेंड

बदायूं : आरोपी की तलाश में दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर उसके परिजनों के साथ मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगा है। मामला एसएसपी अंकिता शर्मा तक पहुंचा तो उन्होंने सीओ सहसवान से जांच कराई। जांच में पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आने के बाद एसएसपी ने चौकी के दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी की तलाश में दी थी दबिश
मामला जरीफनगर थाना क्षेत्र की बस्तोई सीकरी चौकी का है। बस्तोई सीकरी निवासी उदय प्रकाश मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में आरोपी है। करीब छह महीने पहले बुलंदशहर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बताया गया कि जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद वह गांव में रह रहा था।

घर पर नहीं मिला आरोपी, परिजनों से मारपीट का आरोप
आरोप है कि उदय प्रकाश की तलाश में बस्तोई सीकरी चौकी की पुलिस ने उसके घर दबिश दी। पुलिस टीम में दरोगा मनीष भारद्वाज के साथ सिपाही सुरजीत, लोकेश, संदीप भाटी और हरीश शामिल थे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घर पहुंचकर उदय प्रकाश के बारे में पूछताछ की। उसके घर पर नहीं मिलने की बात बताने पर पुलिसकर्मियों ने परिजनों के साथ अभद्रता की और मारपीट की।

एसएसपी तक पहुंची शिकायत, सीओ को सौंपी जांच
पुलिस की कार्रवाई से नाराज परिजन एसएसपी अंकिता शर्मा के पास पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत की। एसएसपी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सहसवान के सीओ अशोक कुमार सिंह को जांच सौंपी। सीओ ने दबिश के दौरान हुई घटना और पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कर रिपोर्ट एसएसपी को दी।

जांच रिपोर्ट आते ही पांचों पुलिसकर्मी सस्पेंड
जांच में आरोपी के परिजनों के साथ मारपीट और अभद्रता के आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने कार्रवाई कर दी। दरोगा मनीष भारद्वाज और सिपाही सुरजीत, लोकेश, संदीप भाटी व हरीश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एक ही चौकी के पांच पुलिसकर्मियों पर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी खलबली मची है।

रिपोर्टर : लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.