सेवा संकल्प यात्रा का बदायूँ में हुआ भव्य स्वागत।
बदायूँ: 30 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को जनपद बदायूँ पहुंची। जनपद में प्रवेश करने पर विभिन्न स्थानों पर यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
जनपद में वडनगर से वाराणसी यात्रा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा के स्वागत एवं अन्य कार्यक्रमों के लिए विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाएं की गई थीं। जिलाधिकारी अवनीश राय द्वारा यात्रा के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन तथा जिला विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया था। दोनों नोडल अधिकारियों की देखरेख में यात्रा से संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
यात्रा के रूट-7 के सेवायात्रियों का जरीफनगर, सहसवान में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव, वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज, क्षेत्रीय मंत्री महेश राठौर, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक सहित मंडल अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सेवायात्रियों का पुष्पवर्षा एवं स्वागत-अभिनंदन कर उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
जनपद में पहुंची यात्रा का बिसौली क्षेत्र में ओरछी चौराहा, फैजगंज एवं मुड़िया सहित विभिन्न स्थानों पर भी स्वागत किया गया। वहीं उझानी के रास्ते पहुंची दूसरी यात्रा का भी जनपद में उत्साहपूर्वक स्वागत हुआ। यात्रा से जुड़े लोगों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत-अभिनंदन कर यात्रा का स्वागत किया।
सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा काल की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही लोगों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का संदेश दिया गया। यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान, चौपाल, वृक्षारोपण एवं जनसंवाद सहित विभिन्न जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।
यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की। विभिन्न स्थानों पर आयोजित स्वागत कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, अधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे। यात्रा के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी एवं राष्ट्र निर्माण के भाव को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

No Previous Comments found.