सहसवान सब्जी मंडी का टीन शेड बना मौत का साया, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा, जिम्मेदार बेखबर।

बदायूं सहसवान नगर पालिका परिषद सहसवान द्वारा संचालित मुख्य सब्जी मंडी की हालत इन दिनों बेहद खतरनाक बनी हुई है। मंडी के ऊपर लगा टीन शेड पूरी तरह जर्जर हो चुका है और मौत के साये की तरह लोगों के सिर पर लटक रहा है। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि लोहे की चादरें जगह-जगह से गल कर टूट चुकी हैं और हवा में झूल रही हैं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि तेज हवा या आंधी आने पर ये लटकी हुई चादरें जोर-जोर से हिलने लगती हैं। ऐसा लगता है जैसे अभी सिर पर आ गिरेंगी। कई बार छोटे-छोटे टुकड़े नीचे भी गिर चुके हैं, गनीमत रही कि उस समय नीचे कोई नहीं था।यह नगर की सबसे बड़ी सब्जी मंडी है। यहां रोज सुबह से शाम तक हजारों की संख्या में आम नागरिक, महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली बच्चे सब्जी खरीदने आते हैं। इसके अलावा सैकड़ों दुकानदार यहीं बैठकर अपना रोजगार चलाते हैं। ऐसे में अगर यह जर्जर चादर भरभरा कर नीचे गिरी तो कई लोगों की जान जा सकती है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो सकते है हैरानी की बात यह है कि मंडी के गेट पर ही स्वच्छता सर्वेक्षण 2023-24 का बोर्ड लगा है और शौचालय की दीवार पर साफ-सुथरी पेंटिंग की गई है, लेकिन मंडी के अंदर की असली तस्वीर बदहाली और लापरवाही की कहानी बयां कर रही है।मंडी के दुकानदारों और आम जनता ने जिलाधिकारी बदायूं, उपजिलाधिकारी सहसवान और अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहसवान से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर इस जर्जर टीन शेड को हटवाया जाए और इसकी जगह नया व मजबूत टीन शेड डलवाया जाए। साथ ही जब तक नया शेड नहीं लगता, तब तक एहतियातन लटके हुए खतरनाक हिस्से को तुरंत हटवाया जाए ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.