बाल दिवस पर बच्चों के चेहरों पर खिली खुशियों की मुस्कान, समग्र विकास संस्थान ने आयोजित किया भव्य कार्यक्रम।
बदायूँ बाल दिवस के अवसर पर समग्र विकास संस्थान के तत्वावधान में तथा CRY – Child Rights and You के सहयोग से जनपद बदायूं के विकासखंड उसावां के कस्बा उसहैत में बच्चों के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष श्री राजकुमार शर्मा ने की।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आये बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की रचनात्मक, शैक्षिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था अध्यक्ष श्री राजकुमार शर्मा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। आवश्यकता है उसे पहचानने, प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने की। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
वहीं, संस्था समन्वयक ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे महत्वपूर्ण ताकत हैं। प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और अपनी प्रतिभा को निखारने के समान अवसर मिलने चाहिए।
कार्यक्रम का सफल संचालन फैसिलिटेटर श्री हीरेंद्र सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर 11 गांव के 70 बच्चों के साथ साथ संस्था स्टाफ से अयान, गौरव, प्रदीप, पिंकी, कैलाश एवं सुनील कुमार उपस्थित रहे।

No Previous Comments found.