मिनी कुंभ ककोड़ा मेले में मां भागीरथी की झंडी स्थापित, दूध से जलाभिषेक के बाद हुआ हवन
बदायूं - जनपद बदायूं के प्रसिद्ध मिनी कुंभ ककोड़ा मेले में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच मां कड़ा देवी से झंडी लेकर श्रद्धालु मां भागीरथी के घाट पर पहुंचे। करीब 11:12 बजे विधि-विधान के साथ मां भागीरथी घाट पर झंडी स्थापित की गई। इसके बाद धार्मिक परंपरा के अनुसार मां भागीरथी का दूध से जलाभिषेक किया गया। इस धार्मिक आयोजन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव एवं उनके पति जितेंद्र यादव सहित प्रशासनिक अधिकारी और जिला पंचायत के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मां भागीरथी को दूध अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद घाट पर हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हवन का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बता दें कि बदायूं का मिनी कुंभ ककोड़ा मेला अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। यह मेला हर वर्ष मां भागीरथी के तट पर आयोजित किया जाता है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और परिवार पहुंचते हैं। खास बात यह है कि यहां कई परिवार पूरे सप्ताह तक तंबुओं में अपना अस्थायी घर बनाकर रहते हैं और मेले का आनंद लेते हैं।
मेले में कुर्मी-पटेल समाज के लोगों की विशेष भागीदारी देखने को मिलती है। बड़ी संख्या में परिवार अपने घरों को बंद कर तंबुओं में परिवार सहित मेले में प्रवास करते हैं। पूरे सप्ताह मेले में खिचड़ी सहित पारंपरिक भोजन बनाया जाता है और धार्मिक आयोजनों के साथ मेले की रौनक बनी रहती है।
ककोड़ा मेले के सफल आयोजन को लेकर जिला पंचायत और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की जाती हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों का निर्माण, आवागमन की व्यवस्था और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाते हैं। पुलिस बल की तैनाती घाटों और मेले के प्रमुख स्थानों पर की जाती है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाती है।
जिला प्रशासन की ओर से मेले में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशों के तहत पुलिस एवं प्रशासनिक टीमें व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे मेला शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो सके।
रिपोर्टर - राजीव सिंह

No Previous Comments found.