ट्रैक्टर से कुचलकर मार दिए गए राजेश पंडित के गांव छछऊ जाकर पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेसी
बदायूँ - जिला कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल ट्रैक्टर से कुचलकर मार दिए गए राजेश पंडित के दातागंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गांव छछऊ जाकर पीड़ित परिवार मिला और शोक संवेदना व्यक्त की । कांग्रेसियों ने पीड़ित ब्राह्मण परिवार को न्याय दिलाने को सहयोग का वादा किया।
सैंजनी गैस प्लांट में दोहरे हत्याकांड की जिला कांग्रेस कमेटी ने निंदा की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को छछऊ गांव पहुंचा और मृतक राजेश पंडित के परिजनों से मिला। ज्ञात हो कि दातागंज कोतवाली के ग्राम छछऊ निवासी राजेश पंडित की विगत रविवार को ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने ट्रैक्टर चालक समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने मृतक राजेश पंडित के परिजनों से कहा कि कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। न्याय दिलाने को हर संभव सहयोग किया जायेगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने एक अन्य बयान में सैंजनी गैस प्लांट में गुरुवार को हुए दोहरे हत्याकांड की निंदा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगल राज चल रहा है। सत्ता का संरक्षण मिलने से अपराधियों के हौंसले बुलंद हो गए हैं । खासकर मुख्यमंत्री की जाति के अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है। अन्याय और अत्याचार चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि गैस प्लांट के प्रबंधक और उपप्रबंधक की हत्या से योगी सरकार के कानून और व्यवस्था की पोल खुल गई है। कहा कि अधिकारियों की जान सुरक्षित नहीं है तो जनपद बदायूँ में नए उद्योग धंधे लगाने कोई क्यों आयेगा। कहा कि गैस प्लांट के प्रबंधक और उपप्रबंधक की हत्या से जिले में पूंजी निवेश और औद्योगिक विकास पर बुरा असर पड़ेगा। कहा कि योगी सरकार लोगों की जान माल की सुरक्षा करने और कानून का राज स्थापित करने में विफल साबित हुई है। योगी सरकार पुलिस का इस्तेमाल केवल विपक्ष की आवाज दबाने के लिए करती है। अपराधियों पर पुलिस का कोई अंकुश नहीं बचा है।
आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष के साथ प्रतिनिधिमंडल में दातागंज विधानसभा प्रभारी कुंवर पाल सिंह, जिला महासचिव सत्यम यादव, यूथ फॉर इंडिया के जिला कोऑर्डिनेटर ओमवीर दद्दा, दातागंज ब्लाक अध्यक्ष बिजनेश यादव, यूथ कांग्रेस दातागंज ब्लाक अध्यक्ष विजय बहादुर, समरेर यूथ कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष अभिषेक यादव,ओमप्रकाश यादव समेत दर्जनों कांग्रेसी शामिल रहे।
रिपोर्टर - शमसुल हसन
No Previous Comments found.