बदलापुर में आवारा कुत्तों का आतंक! 18 वर्षीय हर्षल की मौत, CCTV में कैद आखिरी पल
बदलापुर : महाराष्ट्र के बदलापुर शहर में आवारा कुत्तों की दहशत के बीच एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। आवारा कुत्तों के झुंड से अपनी जान बचाकर भाग रहे 18 वर्षीय छात्र हर्षल शिंदे की संदिग्ध हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर नगर परिषद प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम बदलापुर पश्चिम के शनी नगर इलाके में 12वीं साइंस का छात्र हर्षल शिंदे अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों का झुंड उसके पीछे पड़ गया। कुत्तों से घबराकर हर्षल अपनी जान बचाने के लिए तेजी से भागा और पास की एक किराना दुकान में जा पहुंचा।
लेकिन दुकान के अंदर पहुंचने के कुछ ही पलों बाद वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि डर और घबराहट के दौरान उसे हार्ट अटैक आया। दुकान में मौजूद बुजुर्ग महिला ने उसे पानी पिलाने और संभालने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना का पूरा दृश्य दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हुआ है।
12 से 15 हजार आवारा कुत्तों का अनुमान; आरोग्य सभापति किरण भोईर ने दी प्रतिक्रिया
हर्षल की मौत के बाद बदलापुर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर नगर परिषद के आरोग्य सभापति किरण भोईर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि शहर में लगभग 12 से 15 हजार आवारा कुत्ते होने का अनुमान है। फिलहाल प्रतिदिन करीब 30 कुत्तों की नसबंदी की जा रही है।
इसके अलावा आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर हाउस परियोजना पर काम चल रहा है। शुरुआती चरण में 100 कुत्तों को रखने की व्यवस्था की गई है, जबकि 60 अतिरिक्त कुत्तों की क्षमता बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
स्कूल, अस्पताल और रेलवे स्टेशन परिसर होंगे प्रशासन की प्राथमिकता
आरोग्य सभापति किरण भोईर के मुताबिक, आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए डॉग लवर्स, पुलिस अधिकारियों और नगर परिषद अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। स्कूलों, अस्पतालों और रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील इलाकों में घूमने वाले आवारा कुत्तों के प्रबंधन और नसबंदी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
हर्षल की मौत के बाद प्रशासन के सामने बड़ा सवाल
आखिर शहर के नागरिक और बच्चे आवारा कुत्तों की दहशत से कब सुरक्षित होंगे? लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद इस समस्या का स्थायी समाधान कब निकलेगा?
हर्षल की दर्दनाक मौत ने एक बार फिर बदलापुर नगर परिषद प्रशासन के सामने नागरिकों की सुरक्षा का गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से घोषित उपाययोजनाएं जमीन पर कब उतरती हैं।
रिपोर्टर - साबिर शेख
No Previous Comments found.