सूने मकान में चोरी का 24 घंटे में खुलासा

बड़नगर : मध्य प्रदेश पुलिस के निर्देशन में थाना बड़नगर पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि फरियादी का सगा भतीजा ही निकला।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी नंदकिशोर पिता बाबूलाल अनावडिया, निवासी मिर्ची बाजार बड़नगर, दिनांक 16 फरवरी 2026 को अपनी पुत्री के विवाह उपरांत इंदौर में आयोजित रिसेप्शन कार्यक्रम में परिवार सहित गए हुए थे। घर पर उनकी वृद्ध माता एवं मौसी मौजूद थीं। रात्रि लगभग 12:15 बजे लौटने पर मकान का मुख्य दरवाजा खुला मिला। द्वितीय मंजिल पर जाकर देखा तो ताले टूटे हुए थे तथा लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी गायब थी।

फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक रंजन एवं एसडीओपी बड़नगर महेंद्र परमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक पाटीदार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान संदेह चंद्रशेखर उर्फ चिंटू (उम्र 38 वर्ष), निवासी देपालपुर जिला इंदौर, हाल मुकाम नागझिरी उज्जैन पर गया। 

पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फरियादी का सगा भतीजा है। उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की पत्नी नीचे परिजनों के पास बैठी रही, जबकि आरोपी ऊपर जाकर अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सोने की चैन, दो सोने की अंगूठियां, दो सोने की चूड़ियां, एक सोने की नथ, चार जोड़ी चांदी की बिछिया तथा नगद ₹73,000/- बरामद किए हैं। बरामद मशरूके की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹10 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।

रिपोर्टर : विजय सोलंकी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.