बैंक खाते से गायब हुए 49,500 रुपये, खाताधारक ने पुलिस को दी तहरीर

बहराइच :  खैरीघाट थाना क्षेत्र के पथार कला गांव निवासी सुरेश पुत्र बदलू ने गुरुवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस को तहरीर देकर बैंक खाते से बिना जानकारी के 49,500 रुपये निकाले जाने की शिकायत की है। पीड़ित का खाता इंडियन बैंक की मटेरा कला शाखा में है। सुरेश के मुताबिक, उसने 20 जुलाई को रखौना गांव स्थित बीसी केंद्र से अपने खाते से 10 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद 29 जुलाई को दोबारा रुपये निकालने पहुंचा तो खाते से 49,500 रुपये गायब होने की जानकारी हुई। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि 20 जुलाई से 24 जुलाई के बीच दिलीप सिंह और संध्या नाम के व्यक्तियों द्वारा 10-10 हजार रुपये की चार निकासी तथा एक बार 9,500 रुपये निकाले गए हैं।
बीसी संचालक अवधेश कुमार ने बताया कि 20 जुलाई को खाताधारक सुरेश के अंगूठा लगाने पर उसके खाते से 10 हजार रुपये निकाले गए थे। इसके बाद निकाली गई धनराशि साइबर फ्रॉड का मामला प्रतीत हो रहा है। साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए खाताधारक ने अपने खाते में बची धनराशि को दूसरे बैंक खाते में जमा कर दिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कराई जाएगी।

रिपोर्टर : भोलू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.