डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत, युवक गंभीर रूप से घायल
बहराइच : थाना हरदी क्षेत्र के कल्यानपुरवा चौराहे के पास सोमवार को डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 26 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल नंबर UP 40 AV 5815 पर सवार दो व्यक्ति रमपुरवा की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक डीसीएम ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में रामशरण चौहान (58) पुत्र मोती तथा दिलीप (20) पुत्र ननके, निवासी बेगमपुर शांति नगर, थाना रामगांव, जनपद बहराइच गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी रमपुरवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामशरण चौहान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दिलीप को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।
रिपोर्टर : भोलू तिवारी

No Previous Comments found.