कौन हैं दीपिका आनंद ? जिन्हे मायावती सौपेंगी BSP की कमान

AKANSHA UPADHYAY

बहुजन समाज पार्टी यानी BSP में इन दिनों नेतृत्व को लेकर बदलाव की चर्चा तेज है। पार्टी प्रमुख मायावती ने अपने भाई आनंद कुमार के बेटों आकाश आनंद और ईशान आनंद को कोई राजनीतिक पद नहीं देने का ऐलान किया है। इसी के साथ उनकी भतीजी दीपिका आनंद का नाम चर्चा में आ गया है। मायावती ने संकेत दिया है कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर दीपिका पार्टी के संगठनात्मक कामकाज में भूमिका निभा सकती हैं। इसके बाद दीपिका आनंद को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

कौन हैं दीपिका आनंद?

दीपिका आनंद BSP सुप्रीमो मायावती के छोटे भाई आनंद कुमार की बेटी हैं। यानी वह आकाश आनंद और ईशान आनंद की सगी बहन हैं। आनंद कुमार लंबे समय से मायावती के करीबी सहयोगी रहे हैं और BSP के संगठनात्मक कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

दीपिका अब तक सक्रिय राजनीति में सार्वजनिक रूप से कोई बड़ी भूमिका निभाती नजर नहीं आई हैं। उन्हें किसी बड़े राजनीतिक कार्यक्रम में भी अब तक नहीं देखा गया है। हालांकि, मायावती के ताजा बयान के बाद उनका नाम BSP के भविष्य और नेतृत्व को लेकर चर्चा में आ गया है।

कितनी पढ़ी-लिखी हैं दीपिका?

22 वर्षीय दीपिका आनंद फिलहाल लंदन में वकालत की पढ़ाई कर रही हैं। मायावती ने अपने बयान में बताया है कि दीपिका कानून की पढ़ाई कर रही हैं और भविष्य में उनकी ईमानदारी, वफादारी और कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें पार्टी में नई जिम्मेदारी दी जा सकती है।

वहीं, अब तक उपलब्ध रिपोर्टों में उनकी स्कूली शिक्षा या किसी विश्वविद्यालय से हासिल की गई अन्य डिग्री की विस्तृत और आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

क्यों चर्चा में आईं दीपिका?

दीपिका आनंद का नाम ऐसे समय सामने आया है, जब मायावती ने परिवारवाद को लेकर अपना बयान दोहराया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके भाई आनंद कुमार के बेटों आकाश आनंद और ईशान आनंद को BSP में कोई छोटा-बड़ा राजनीतिक पद नहीं दिया जाएगा। मायावती ने इसे अपना अंतिम फैसला भी बताया है।

वहीं, दीपिका के मामले में उनका कहना है कि अगर आनंद कुमार को भविष्य में संगठनात्मक काम में मदद की जरूरत होती है, तो उनकी बेटी दीपिका उनकी मदद कर सकती हैं। इसका मतलब यह है कि फिलहाल दीपिका की कोई औपचारिक राजनीतिक भूमिका तय नहीं हुई है और उनकी भूमिका भविष्य की परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।

ऐसे में मायावती के बयान के बाद दीपिका आनंद का नाम BSP के संभावित भविष्य और नेतृत्व को लेकर चर्चा में जरूर आ गया है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.