15 वर्षों से वनांचल में सेवा की अलख जगा रहे रामेश्वर कटरे, मंत्री विजय शाह ने कहा-समाज को ऐसे सेवाभावी लोगों की जरूरत

बालाघाट : दक्षिण बैहर के वनांचल में जरूरतमंदों की सेवा को अपना संकल्प बना चुके समाजसेवी रामेश्वर कटरे की सेवा भावना की जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

अडोरी ग्राम पंचायत के कोंडेकशा गांव में आयोजित सेवा कार्यक्रम में कटरे द्वारा बुजुर्ग महिलाओं को मच्छरदानियां तथा जरूरतमंद बच्चों को कपड़े, चप्पल और जूते वितरित किए गए।
इस दौरान मंत्री विजय शाह ने कहा कि रामेश्वर कटरे बीते 15 वर्षों से अपनी मेहनत की कमाई और निजी संसाधनों से बैगा बाहुल्य क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों की सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समाज को रामेश्वर कटरे जैसे सेवाभावी व्यक्तित्वों की आवश्यकता है, जो बिना किसी स्वार्थ के दूरस्थ वनांचल तक पहुंचकर लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं।

मंत्री ने रामेश्वर की सेवा को समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण बताते हुए उनके प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि रामेश्वर कटरे जिस आत्मीयता और समर्पण के साथ बैगा परिवारों के बीच काम कर रहे हैं, वह निश्चित रूप से प्रशंसनीय है।
विजय शाह ने कहा कि ऐसे लोगों का सम्मान और प्रोत्साहन होना चाहिए, क्योंकि इनका सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणा बनता है। उन्होंने रामेश्वर कटरे के साथ मिलकर वनांचल में स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कार्य करने की इच्छा जताई।
साथ ही बैगा समुदाय के लिए विशेष परियोजना तैयार करने की बात कहते हुए उनके सेवा कार्यों को और मजबूती देने का भरोसा दिलाया।

मंत्री के इन शब्दों को रामेश्वर कटरे ने अपने सेवा संकल्प के लिए नई ऊर्जा बताते हुए कहा कि जब तक सामर्थ्य है, वनांचल के जरूरतमंद परिवारों तक सेवा पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
कटरे की वर्षों से जारी सेवा यात्रा ने उन्हें वनांचल के ग्रामीणों के बीच एक संवेदनशील, भरोसेमंद और सेवाभावी सामाजिक व्यक्तित्व के रूप में पहचान दिलाई है।

रिपोर्टर : विशाल महानंद 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.