बालिका गृह पहुंचकर जिलाधिकारी ने खिलाई गोझिया, दिए नए कपड़े

बलिया : होली पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को राजकीय बालगृह (बालिका) निधरिया पहुंचकर बच्चियों के बीच खुशियां बांटी। उन्होंने अपने हाथों से बच्चियों को गोझिया खिलाई और नए कपड़ों का भी वितरण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि राजकीय बालिका गृह में वर्तमान में 111 बच्चियां रह रही हैं। ये वे बच्चियां हैं जिनके माता-पिता नहीं हैं और उनके रहने, खाने एवं शिक्षा की समुचित व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि बच्चियों की पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी और शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा किसी भी प्रकार की सुविधा में कमी नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चियों से हालचाल पूछा और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि 10 बच्चियां बोर्ड परीक्षा दे रही हैं, जिनके लिए किताबों एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों की विशेष व्यवस्था की गई है। नाबालिग बच्चियों की देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।बच्चियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेलकूद की व्यवस्था और पार्किंग स्थल का निर्माण भी कराया जा रहा है। होली के मौके पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

 रिपोर्टर : विशाल साहू

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.