मंगला प्रसाद सिंह को भावभीनी विदाई ज्ञानेंद्र सिंह ने संभाली जिम्मेदारी
बलिया - कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नवागत जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान जनपद स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के कार्यकाल को याद करते हुए उनकी कार्यशैली, प्रशासनिक समन्वय और अधिकारियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि उनके कार्यकाल में प्रशासनिक कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने में सहयोग मिला। विदाई समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंगला प्रसाद सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का माहौल भावुक और आत्मीय नजर आया।
वहीं, नवागत जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह का भी अधिकारियों ने स्वागत किया। अधिकारियों ने उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जनपद के विकास और प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा जताया। समारोह के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंगला प्रसाद सिंह को भावभीनी विदाई दी। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सीआरओ गुलशन जी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र कुमार समेत समस्त एसडीएम और जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर - विशाल साहू

No Previous Comments found.