बलिया में अपूर्वा नर्सिंग होम को लेकर बवाल, छात्र नेताओं ने किया सिटी मजिस्ट्रेट का घेराव

बलिया : बलिया शहर स्थित अपूर्वा नर्सिंग होम को बिना किसी लिखित आदेश और सूचना के दोबारा संचालित किए जाने के विरोध में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। छात्र नेताओं और युवाओं ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा सिटी मजिस्ट्रेट का घेराव कर कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और गरमा गया जब छात्र नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। छात्र नेताओं का आरोप था कि स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से नियमों को दरकिनार कर नर्सिंग होम को दोबारा खोला गया है। उनका कहना था कि जिस दिन अस्पताल का संचालन शुरू हुआ, उसी दिन से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) छुट्टी पर चले गए, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है।
छात्र नेता नंदन सिंह ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिले में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट के सामने ही सीएमओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कड़ी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल संचालन की अनुमति और विभागीय कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग भी की।
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अपूर्वा नर्सिंग होम के संचालन की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर कलेक्ट्रेट तक बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करते हुए पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। हालांकि छात्र नेता तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
घटना के बाद शहर में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

रिपोर्टर : विशाल साहू 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.