मेडिकल कालेज का शासनादेश हुआ जारी

437 करोड़ का किया गया वित्तीय प्रावधान, पीपीपी मोड पर स्वीकृत बस अड्डों में रसड़ा व बिल्थरारोड भी शामिल 

बलिया- जिले में स्वीकृत महात्वाकांक्षी मेडिकल कालेज की सभी बाधाओं को खत्म करते हुए प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को इसका शासनादेश जारी कर दिया। मेडिकल कालेज महर्षि भृगु मुनि के नाम पर होगा और इसके लिए सरकार ने शासनादेश में 437 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। ऐसे में सब कुछ ठीक रहा तो इस महीने के अंत तक मेडिकल कालेज का शिलान्यास भी हो जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जिले के लिए यह बहुत बड़ी परियोजना है जिसे मुख्यमंत्री ने हरी झंडी देकर साधुवाद का काम किया है। मेडिकल कालेज कुल 14 एकड़ में बनेगा जिसमें जेल परिसर के ढाई एकड़ एरिया में अमर सेनानी चित्तू पांडेय स्मारक के निर्माण का भी प्रावधान किया गया है। ऐसे में मेडिकल कालेज के साथ इसका भी निर्माण जिले के सेनानियों के गरिमानुरुप कराया जाएगा। कहा कि मेडिकल कालेज के शिलान्यास की तिथि जल्द तय की जाएगी। इसमें प्रयास है कि इसका शिलान्यास मुख्यमंत्री से ही कराया जाए। कहा इसके साथ ही मंगलवार का दिन परिवहन विभाग के लिए भी काफी महत्वपूर्ण रहा है। कैबिनेट में मंगलवार को परिवहन विभाग के कुल तीन प्रस्ताव स्वीकृत हुए जिसमें पीपीपी मॉडल पर बनने वाले 49 बस अड्डे भी शामिल हैं। इन 49 बस अड्डों में बलिया के रसड़ा व बिल्थरारोड का भी बस अड्डा शामिल है जो पीपीपी मोड पर विकसित किए जाएंगे। यह परियोजना भी बलिया के लिए काफी बड़ी है। कहा बलिया विकास के मामले में किसी भी दृष्टिकोण से पीछे नहीं रहेगा। चुनाव से पूर्व जो भी वादे किए गए हैं वो सभी पूरे किए जाएंगे।

रिपोर्टर - आनंद दुबे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.