सटीक और समयबद्ध जनगणना पर जोर, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
बलिया : जनपद में 16वीं जनगणना की तैयारियों को लेकर सोमवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, धरहरा में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह द्वारा शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार जनगणना पहली बार डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है, जो इसे और अधिक पारदर्शी तथा प्रभावी बनाएगी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों की सही जानकारी सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों तक पहुंचाना इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन दिनों तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा और इसमें नियमित उपस्थिति अनिवार्य है। मास्टर ट्रेनरों द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे सभी प्रतिभागी अपने कार्य को बेहतर ढंग से समझ सकें। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना का कार्य 07 मई से शुरू होकर 15 दिनों तक चलेगा। इसके बाद वर्ष 2026 में मकान गणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और फिर प्रगणक घर-घर जाकर आंकड़े एकत्रित करेंगे।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि उन्हें प्रदान की गई प्रशिक्षण सामग्री का गहन अध्ययन करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल ट्रेनरों से संपर्क करें। साथ ही ट्रेनरों को भी निर्देश दिया गया कि वे सभी को प्रभावी तरीके से प्रशिक्षित करें और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसमें समयबद्ध और सटीक कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी कार्य भारत सरकार के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किए जाएं। ज्ञात हो कि जनपद के विभिन्न केंद्रों पर एक साथ इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में प्रगणक एवं पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : जे.पी.तिवारी


No Previous Comments found.